शतरंज प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : संगठन
कानपुर। केएसएस जोन-बी की ओर से दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन स्कूल गुजैनी में आयोजित दो दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता में श्रीराम पब्लिक स्कूल की टीम ने 16 अंकों के चैंपियन का खिताब जीता। हर मिलाप मिशन स्कूल 15.5 अंकों के साथ दूसरे और डीपीएस बर्रा 15 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
बोर्ड-1 पर मौलिक गुप्ता, बोर्ड-2 पर शौर्य परिहार, बोर्ड-3 पर अरनव सिंह, बोर्ड-4 पर आस्तिक शुक्ला और बोर्ड-5 पर शुभ पटेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कक्षा छह से 8 तक के 29 सीबीएसई स्कूलों के 145 खिलाड़ियों ने भाग लिया। दो दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में कुल पांच राउंड खेले गए। समापन समारोह में विद्यालय के प्रबंधक केए दुबे पद्मेश व कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ज्योत्सना मिश्रा ने बोर्डवार श्रेष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता का संचालन हिमानी सचदेवा ने किया जबकि चीफ ऑर्बिटर प्रशंसा वर्मा रहीं। सहायक ऑर्बिटर के रूप में कमल खेमानी, बाल गोविंद अवस्थी और जितेंद्र शर्मा ने जिम्मेदारी निभाई। मौके पर प्रदीप अवस्थी, श्रीनाथ पांडेय, अर्पित पाल समेत अन्य खेल शिक्षक भी उपस्थित रहे।