उन्नाव जिले में फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव खेवरई में खेत की मेढ़ को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। इसकी शिकायत पर दो दिन पूर्व लेखपाल ने पहुंचकर जमीन की नाप कर निशान लगा दिये थे। इसके बाद रविवार को खलील उर्फ पप्पू और आरिफ वहां पर मेड़ बांधने पहुंच गए।
इसकी जानकारी होते ही दूसरे पक्ष से इनामुल्ला पुत्र नीरू भी वहां पहुंच गया और मेड़ बांधे जाने का विरोध करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि इनामुल्ला ने खलील और आरिफ पर अवैध असलहे से फायर कर दी।
गंभीर रूप से दोनों घायलों को पीएचसी ले जाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।