यूपी के इटावा जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में हाईवे पर राधिका पेट्रोल पम्प के समीप गाय को बचाने के चक्कर में स्कॉर्पियो बेकाबू होकर गड्ढे में जा घुसी। हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो लोगों की मौत हो गई।
हादसा सुबह करीब आठ बजे का है। घटना से गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
लगभग एक घंटे बाद जाम खोला जा सका। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों मृतक बालू व्यापारी बताए जा रहे हैं। हादसे में स्कॉर्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में सुनील कुमार (29) पुत्र प्रकाश यादव निवासी ग्राम अखई थाना नारकी जिला फिरोजाबाद और अरनेश कुमार (30) पुत्र प्रेमपाल सिंह निवासी ग्राम गहेरी ब्लाक ऐका तहसील जसराना जिला फिरोजाबाद की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।