भाजपा सरकार ने चंद पूंजीपतियों को बढ़ावा दिया और गरीबों से किये वायदों पर खरी नहीं उतरी है। हालात ये हैं कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी बेलगाम है। भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है। यह बात प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कही।
प्रसपा अध्यक्ष सोमवार को इटावा जिले के बीहड़ी क्षेत्र में स्थित ब्रह्माणी देवी मंदिर में देवी दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद मंदिर के बाहर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं।
कोरोना की साल भर पहले से जानकारी होने के बाद भी सरकार ने इससे निपटने की तैयारी नहीं की। सरकार ने जनता के साथ खिलवाड़ किया है। गरीब जनता का काम बिना रिश्वत के नहीं हो रहा है। पुलिस, बिजली विभाग, लेखपाल व तहसीलदार से पीसीएस अधिकारी तक रिश्वतखोरी में लिप्त हैं।
उन्होंने 2022 में भाजपा सरकार को भ्रष्ट बताते हुए उसे उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख अनुज मोंटी यादव, विश्वनाथ प्रताप सिंह उर्फ सोनू, पूर्व प्रधान गोपीनाथ पराशर, राम बहादुर धनगर, बजरंगी यादव, हरिशंकर, दीपू जादौन, शिव शंकर धाकरे आदि रहे।