कानपुर में एलआईसी का ब्रांच मैनेजर बन एक जालसाज ने मध्यप्रदेश की महिला से फेसबुक पर दोस्ती की फिर खुद को ब्रेन ट्यूमर का मरीज बताकर उससे सात लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता ने शनिवार को एसएसपी से शिकायत कर तहरीर दी है। फीलखाना पुलिस युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी तलाश शुरू की है।
मध्यप्रदेश निवासी सीमा तिवारी ने बताया कि कुछ महीने पहले फेसबुक के जरिए उनकी दोस्ती कानपुर निवासी एक युवक से हुई थी। युवक ने ब्रेन ट्यूमर से ग्रसित बताकर सात लाख रुपए खाते में जमा करवा लिए।
इस बीच गुरुवार को वह युवक से मिलने फीलखाना पहुंची। इस दौरान युवक उन्हें गुमटी स्थित एक सर्राफ की दुकान पर ले गया। वहां पर उनकी झुमकी तीस हजार में गिरवी रखवा दी। रुपये लेने के बाद उन्हें दुकान के बाहर खड़ा कर ऑटो लेकर आने की बात कहकर चंपत हो गया। तब सीमा को ठगी का अहसास हुआ।