इलाज का पूरा बिल न अदा कर पाने पर शनिवार को कानपुर में काकादेव के एक निजी अस्पताल ने बुजुर्ग महिला को बंधक बना लिया। देर शाम तीमारदारों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो अस्पताल प्रशासन ने बुजुर्ग को डिस्चार्ज किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया।
साकेत नगर निवासी रवि कुमार का इलाके में मेडिकल स्टोर है। रवि ने बताया कि उनकी मां कैलाशवंती को किडनी की बीमारी है। तबीयत बिगड़ने पर पिछले रविवार को काकादेव में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को डिस्चार्ज होना था।
रवि ने बताया कि उन्होंने 55 हजार रुपए जमा कर दिए थे। जबकि अस्पताल प्रशासन ने 68 हजार का बिल बनाया था। उनका आरोप था कि हजारों रुपये की दवाईयां उन्होंने वापस कर दीं थी, फिर उसका पैसा बिल से नहीं काटा गया। एक दिन अधिक का भी चार्ज लगा हुआ था। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों ने बातचीत कर आसपास में समझौता कर लिया है। बाद में 2100 रुपये तीमारादारों ने जमा किए हैं।