कानपुर के पनकी निवासी इलेक्ट्रिकल्स व्यापारी की दुकान में काम करने वाले नौकर ने धीरे-धीरे कर 25 लाख का माल बेचकर रुपये हड़प लिए। मालिक ने रुपये मांगे तो नौकर ने देने से इनकार कर दिया और दुकान आना भी बंद कर दिया। इससे आहत व्यापारी ने सोमवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी।
सुसाइड नोट में कर्मचारी को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने नौकर के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पनकी के सरायं मीता निवासी विक्रांत वर्मा (37) की नौबस्ता हमीरपुर रोड पर वीएस इंटरप्राइजेज नाम से दुकान है।
विक्रांत के पिता अजय कुमार ने बताया कि दुकान में नौबस्ता का रहने वाला प्रशांत शुक्ला काम करता था। वह मूलरूप से गाजीपुर का निवासी है। आरोप है कि उसने दुकान से चोरी छिपे 25 लाख का माल गाजीपुर निवासी साले व पिता की मदद से बेच डाला।
चेकबुक चुराकर बेटे के फर्जी हस्ताक्षर कर भी काफी रुपये हड़प लिए। व्यापार में लगातार नुकसान होने पर जब उन्होंने दुकान का स्टॉक चेक कराया तो घपले का पता चला। रुपये डूबने से वह मानसिक तनाव में था।