अलग-अलग दो घटनाओं में स्कार्पियो सवारों ने की लूट
वहीं, मौदहा थाना क्षेत्र में ही बुधवार रात नेशनल हाईवे पर हुई मारपीट व लूट की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। दोनों घटनाओं में स्कार्पियो का नाम आना चर्चा का विषय बना हुआ है। कस्बे के सिचौली पुरवा निवासी रामप्रकाश ने दिए शिकायती पत्र में बताया कि बुधवार देररात वह बडे़ चौराहे के पास पेट्रोल पंप के निकट खड़ा हुआ था। तभी एक स्कार्पियो में मंकरांव के तरफ से आठ से दस युवक लाठी डंडे लेकर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे।
मारपीट कर रुपये और दो मोबाइल फोन लूटे
बताया कि उसके ढाई हजार रुपये व मोबाइल फोन छीन लिया। तभी मौकेपर उसका साथी राजकुमार आ गया तो उक्त लोग स्कार्पियो लेकर खन्ना की ओर भाग गए। वहीं, बुधवार देर रात स्कार्पियो सवारों ने मंकरांव के निकट भी बाइक सवार शैलेंद्र कुमार व उसके साथी के साथ मारपीट कर रुपये व दो मोबाइल फोन लूट ले गए। अभी तक दो मामलों में लूट की तहरीर मिली है जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर अन्य मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी।
चाकू की नोक पर सोने की चेन लूटी
राठ कोतवाली क्षेत्र में देवर के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाने मामा के यहां जा रहीं महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चाकू की नोक पर सोने की चेन छीन ली। करीब दो सौ ग्रामीणों ने रात में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी लूट की घटना कबूल कर रहे हैं। पनवाड़ी थाने के भरवारा गांव निवासी नीलम ने बताया अपने देवर उमाकांत के साथ जालौन के कहटा से अपने मामा के यहां चिकासी थाने के बरौली गांव रक्षाबंधन का त्योहार मनाने जा रहीं थीं।
चाकू दिखाते हुए ग्रामीणों को डराया
शाम करीब 7.30 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पुल के आगे बरौली के रास्ते में बाइक सवार चार बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। गालीगलौज करते हुए चाकू दिखाकर गले से सोने की चेन व बाइक की चाभी छीन ली। देवर उमाकांत द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की। लूटपाट कर चारों बदमाश चिकासी की ओर भाग गए। मामले की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने पुरानी बस्ती के पास बदमाशों को घेर लिया। बदमाश चाकू दिखाते हुए ग्रामीणों को डराने का प्रयास करने लगे।
आरोपियों का शांतिभंग में चालान
बताया घेराबंदी कर रिगवारा के पुष्पेंद्र, ददरी के सरमन व नारायण को पकड़ लिया। जबकि चौथा आरोपी ददरी गांव का विकास मौके से भाग निकला। आरोपियों का सोशल मीडिया पर घटना को कबूल करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती। वहीं चिकासी थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने कहा शराब के नशे में बाइक टकराने पर झगड़ा हुआ था। कहा लूट की बात फर्जी है। आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया है।