विदेशी एप से ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने वाले बड़े गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करके छह सटोरियों को गिरफ्तार किया। 93 लाख 72 हजार 130 रुपये बरामद किए गए। नोट गिनने की मशीन के साथ 27 हजार की नेपाली करेंसी भी बरामद हुई। श्रीलंका और नेपाल से भी सटोरियों के कनेक्शन हैं। दो सटोरिये फरार हो गए।
डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार, एसपी साउथ दीपक भूकर और एएसपी ट्रेनी अजय जैन के नेतृत्व में फजलगंज, नजीराबाद और काकादेव में छापा मारकर कौशलपुरी निवासी मोबाइल शॉप मालिक हरप्रीत सिंह बेदी, सूदखोर रीशू अरोरा, सरोजनीनगर फजलगंज से विनोद कुमार छाबड़ा, दर्शनपुरवा से रीजक सिंह और आजाद नगर तिर्वा कन्नौज के गुरमीत सिंह को गिरफ्तार किया।
ये सभी क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे थे। हरप्रीत के पास नोट गिनने वाली मशीन, एक रजिस्टर, 11 मोबाइल, और एक लैपटॉप भी मिला। रंजीत उर्फ रिंकू समेत दो सटोरिये फरार हो गए।
इन एप से ऐसे लगाते थे सट्टा
एसपी पश्चिम ने बताया कि क्रिकेट लाइव लाइन, क्रिकेट गुरुज, ऑल द न्यूज, दि मेमोरीज एशियन समेत अन्य कई विदेशी एप के जरिए सट्टा लगाते थे। ये सभी एक साथ आईडी के जरिए जुड़ते थे।