दिल्ली से बिहार जा रही स्लीपर बस शनिवार सुबह करीब पांच बजे एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक चालक व हेल्पर की मौत हो गई और 15 यात्री घायल हो गए। दो यात्रियों को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दिल्ली से फौजी ट्रैवल्स की स्लीपर बिहार जा रही थी। बस में 70 यात्री सवार थे। आगरा लखनऊ एक्सप्रेवसे पर तालग्राम क्षेत्र के मछरैया के पास बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। बस चालक कृष्णा कूदकर भाग निकला।
हादसे में लखनऊ फैजुलाबाग श्याम बिहार कालोनी निवासी दूसरा चालक मनीष कुमार तिवारी (39) पुत्र रामशंकर तिवारी और मध्यप्रदेश के भिंड जिले के धौसा निवासी हेल्पर हरिनरायण (24) पुत्र हरि विलास की मौत हो गई।
15 सवारियां भी घायल हो गईं। चीख पुकार सुन आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंच गए। एनसीसी, यूपीडा और तालग्राम थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। लखनऊ कुर्सी रोड निवासी वसुंधरा (25) पुत्री अलकनंदा और तिर्वा के गांधी नगर निवासी बृजकिशोर (29) पुत्र दिनेश चंद्र को गंभीर हालत के चलते मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। घायल इलाज कराकर दूसरी बस से रवाना हो गए।