दिबियापुर। गेल डीएवी स्कूल में कक्षा नौ के एक छात्र के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद संपर्क में आए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्कूल कर्मियों की जांच हुई। स्कूल के कांफ्रेंस रूम में 104 लोगों के सैंपल लिए गए। संपर्क में आए लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
गेल में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। गेल गांव में कक्षा नौ के छात्र के अलावा अब तक 16 और लोग संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना संक्रमित छात्र दिल्ली से लौटा था और सोमवार को स्कूल भी गया था। छात्र के कोरोना संक्रमित निकलने पर स्वास्थ्य विभाग ने संपर्क में आए छात्र-छात्राओं एवं कर्मियों के आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिए गए।
गुरुवार को गेल डीएवी स्कूल के कांफ्रेंस रूम में डॉ. रामजी, फार्मासिस्ट गौरव कुमार और एलटी सौरभ कुमार कई घंटे तक सैंपल लेने में लगे रहे। डॉ. रामजी के मुताबिक, कुल 104 सैंपल लिए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने संपर्क में आए सभी लोगों से सतर्कता बरतने के लिए कहा है। सीएचसी अधीक्षक डा. बीपी शाक्य के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो पाएगी।