कानपुर में बेकनगंज थाने के पास सोमवार को तेज बारिश से एक जर्जर मकान की छत ढह गई। मलबे की चपेट में आकर मकान के पास खड़ी उन्नाव की तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस के अनुसार करीब 72 साल पुराना जर्जर मकान दो भाइयों अहसान अली और इनाम अली का है। इनाम अली अपना हिस्सा बंद कर कहीं और रहते हैं। वहीं, अहसान अली मकान के दूसरे हिस्से में परिवार के साथ रहते हैं।
शाम करीब साढ़े पांच बजे अहसान अली के पोर्शन की छत ढह गई। मलबा ग्राउंड फ्लोर में बने होटल की छत पर गिर गया। इससे ग्राउंड फ्लोर का छज्जा ढह गया। इस बीच बारिश में भीगने से बचने के लिए उन्नाव मौरावां निवासी अंजुम, गौसिया और ताहिरा खड़ी थीं, जो मलबे की चपेट में आकर घायल हो गईं।
पास में ही दो ठेले वाले रायपुरवा निवासी सरफराज अहमद व नाला रोड निवासी इरशाद भी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार नगर निगम को जानकारी दी गई है, जिससे मकान की मजबूती का आंकलन किया जा सके।