औरैया जिले में दिल्ली से हमीरपुर जा रही रोडवेज बस अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जालूपुर के पास रात एक बजे के करीब एक ट्रक में पीछे से जा टकराई। तेज आवाज के साथ बस टकराते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए। इनमें से 6 लोगों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
गंभीर घायलों में छतरपुर नंदगांव निवासी राजारानी और रामहरि (पति-पत्नी), विघोकर हमीरपुर निवासी नीलम, अम्बेडकर नगर हमीरपुर निवासी मुकेश, शिम्मी और श्रुति शामिल हैं। घटना की वजह, चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस और रोडवेज के अधिकारी मौके पर पहुंच जांच में जुटे। घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से भाग निकले। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि बस में करीब 25 लोग सवार थे। बस को कब्जे में लिया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।