लखनऊ-कानपुर हाईवे पर रोडवेज वर्कशाप के पास बुधवार तड़के आलू व मक्का लदे दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में आलू लदे ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई। दोनों ट्रकों के चालक व एक का क्लीनर घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर एक घंटे यातायात बाधित रहा।
विज्ञापन
अमेठी जिला के बालीपुर गांव निवासी ट्रक चालक शिवशंकर बुधवार तड़के क्लीनर गांव के देवकुमार (40) के साथ ट्रक में आलू लादकर कानपुर से लखनऊ की ओर गलत दिशा से जा रहा था। तभी लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहे मक्का लदे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई।
इससे दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने आलू लदे ट्रक के चालक शिवशंकर, क्लीनर देवकुमार व मक्का लदे ट्रक के चालक मध्यप्रदेश भोपाल के शहजहांपुर के टप्पा मोहल्ला निवासी इस्लाम (25) व क्लीनर मध्यप्रदेश भोपाल के मकदीपुर शहजहांपुर निवासी शाकिर (25) को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने देवकुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों के सड़क पर खड़ा होने से जाम लग गया। दही थाना पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क से हटा आवागमन शुरू कराया।