मौसेरे भाई प्रिंस ने बताया कि सोमवार सुबह प्रतीक मोहल्ले में ही रहने वाले पीएसआईटी के ही सहपाठी बीटेक (डेटा साइंस) थर्ड ईयर के छात्र सतीश सिंह (21), बीटेक फर्स्ट ईयर कंप्यूटर साइंस की छात्रा आयुषी पटेल (18), बीटेक (कंप्यूटर साइंस थर्ड ईयर) की छात्रा गरिमा त्रिपाठी (19) के साथ रोज की तरह विजय साहू (54) की कार से पीएसआईटी जा रहे थे।
कॉलेज से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ही डंपर के ब्रेक लगाने से छात्रों की कार उसमें पीछे से जा घुसी और तब तक पीछे से ट्रॉला भी आ गया। हादसे में पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी जुगराजपुर निवासी विश्वास शुक्ला ने बताया कि हादसा होते ही कार में फंसे चालक विजय साहू और चारों छात्र की चीख पुकार सुनकर राहगीरों ने किसी तरह डंपर को धकेलकर आगे किया।
तब तक पुलिस भी पहुंच गई। कार में खून से सने बैग और यूनीफार्म देखकर पीएसआईटी प्रबंधन को सूचना दी गई। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया गया।
इस हृदयविदारक घटना ने झकझोर कर रख दिया है। पीएसआईटी ने अपने चार होनहार छात्रों को खो दिया है। परिवार पर क्या बीत रही होगी यह सोच कर ही मन विचलित हो रहा है। सभी दिवंगत छात्रों के परिवार के साथ सहानुभूति है। - प्रणवीर सिंह, पीएसआईटी चेयरमैन
फिलहाल हादसे की सही वजह अभी सामने नहीं आई है। दोनों डंपरों के चालकों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। मामले में गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।- राजेश सिंह, डीसीपी पश्चिम