मझिला थाना क्षेत्र में शाहाबाद मार्ग पर सड़क हादसा हुआ है। यहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गय।
हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र में शाहाबाद मार्ग पर अय्यारी गांव के पास सोमवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भेज दिया।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मियांपुर निवासी मुकेश (35) खेती करता था। सोमवार की दोपहर वह पिहानी तरफ से बाइक से आ रहा था। रास्ते में मझिला थाना क्षेत्र में शाहाबाद-पिहानी मार्ग पर अय्यारी गांव के पास सामने से आए नेवादा गांव निवासी युवक की बाइक से भिड़ंत हो गई।
हादसे में मुकेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस से सीएचसी भिजवाया। साथ ही, तलाशी के दौरान मृतक की जेब में मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी।
कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ छोटेलाल ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।