चित्रकूट जिले में राजापुर थाना क्षेत्र के महुवा गांव के पास बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। एक को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जिससे सिर पर गंभीर चोटें आने से जान गई।
पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रैपुरा थाना क्षेत्र के गढ़ीखुर्द गांव के कल्लू (40) अपने परिचित घनश्याम (45) निवासी ग्राम हनुवा के साथ बाइक से राजापुर के सरधुवा स्थित गैरेज जा रहा था।
तभी राजापुर की ओर से कृष्णा (18) पुत्र जागेश्वर निवासी बाबा घाट अपने दो साथियों के साथ बाइक से आ रहा था। महुवा गांव के समीप भिड़ंत हो गई। जिससे सभी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां घायल कल्लू व कृष्णा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घनश्याम को गंभीर हालत में डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर किया है। मृतक कल्लू वाहन मिस्त्री था। दो पुत्री, पत्नी मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक कृष्णा के आठ भाई व दो बहन हैं। मजदूरी कर भरण पोषण करता था।