चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा हुआ। बरात में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों की झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के शिवरामपुर चौकी अंतर्गत कोटा मोड़ के पास बुधवार देर रात अनियंत्रित बस की टक्कर से मौत हो गई। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। ट्रैवल्स की डबल डेकर बस से हादसा हुआ है।
विज्ञापन
बुधवार रात साढ़े दस बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के बरवारा गांव निवासी रामानंद और उनके पड़ोसी मित्र प्रेम सिंह बाइक से कोटा गांव में शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। खुटहा गांव के मोड़ के पास अनियंत्रित बस की चपेट में आने से दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे।
सूचना मिलते ही शिवरामपुर चौकी प्रभारी राकेश मौर्य पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। बस से यात्री उतरकर अन्य वाहन से गंतव्य की ओर रवाना हो गए।