बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में सुबह साइकिल से टहलने निकले बुजुर्ग को बालू भरने जा रहे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मोहल्लावासियों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कस्बा के कृष्णा नगर अतर्रा मार्ग निवासी फूलचंद हलवाई (72) बुधवार सुबह करीब छह बजे साइकिल से अतर्रा मार्ग पर मॉर्निंग वॉक करने निकले थे।
वह सीताराम समर्पण महाविद्यालय के सामने बायीं पटरी पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। उनकी घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े बेटे राधेश्याम ने बताया कि पिता हथठेलिया में खाने पीने का सामान बेचकर परिवार को भरण पोषण करते थे। पैरों में चलने की समस्या के कारण रोज सुबह साइकिल से घूमने जाते थे। मृतक के दो बेटे हैं। कोतवाल मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।