औरैया जिले में बीझलपुर-अयाना मार्ग पर गंगदासपुर गांव के सामने रविवार को जालौन माता मंदिर से जवारे चढ़ाकर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। हादसे में 21 श्रद्धालु दबकर घायल हो गए। पुलिस व ग्रामीणों ने घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालकर सीएचसी अयाना में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने 14 गंभीर घायलों को सैफई रेफर कर दिया।
विज्ञापन
अयाना थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी प्रदीप पाल मनौती पूरी होने पर गांव से तीन ट्रैक्टर ट्राली में करीब 65 लोगों के साथ जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र के बरी का पुर्वा स्थित प्रसिद्ध जालौन माता मंदिर में जवारे चढ़ाने के लिए सुबह लगभग तीन बजे गांव से निकले थे।
जहां से जवारे चढ़ाने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। रास्ते में दो ट्रैक्टर चालकों में गाड़ी दौड़ाने की होड़ लग गई। इसी बीच बीझलपुर अयाना मार्ग पर गंगदासपुर के पास जैसे ही एक ट्रैक्टर ने दूसरे को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस प्रयास में ट्रैक्टर चालक मंगल सिंह ने ट्रैक्टर से अपना नियंत्रण खो दिया।
विज्ञापन
ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से गंगादासपुर गांव के सामने सड़क पर ट्राली पलट गई। इससे चीख-पुकार मच गई। लोगों के चीखने की आवाज सुन गंगादासपुर के ग्रामीण दौड़ कर घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ट्राली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला।
इसी बीच सूचना पर पहुंचे अयाना थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने एंबुलेंस से घायल 21 श्रद्धालुओं को सीएचसी अयाना में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने 16 घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें सैफई रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि ट्राली पलटने में 21 श्रद्धालु घायल हुए हैं। जिसमें 16 को सैफई रेफर किया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
राहगीरों ने ट्रैक्टर चालक को धुना
ट्रैक्टर चालक मंगल सिंह निवासी मानपुर की लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने की वजह से हुए हादसे को लेकर राहगीरों ने चालक को पकड़ कर धुन दिया।