भरथना। कोतवाली क्षेत्र के मोढ़ी गांव में एक सेवानिवृत्त पीडब्ल्यूडी कर्मी को गोली मार दी गई। वारदात में घायल बुजुर्ग को सीएचसी ले जाया गया। यहां उसे उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
ओम प्रकाश (72) निवासी मोढ़ी गांव पीडब्ल्यूडी विभाग से सेवानिवृत्त हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे वह गांव में स्थित खेत पर लगे सबमरसेबिल पर थे। इस दौरान अंधेरे में किसी ने उन्हें गोली मार दी। इससे ओमप्रकाश गिर पड़े। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचा बेटा राजेश पिता को सीएचसी ले गया। यहां से डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस जांंच में यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि गोली क्यों और कैसे मारी गई है।
सूचना पर सीओ अतुल प्रधान व प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने पहुंचकर जांच की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। घटनास्थल के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रहे हैं। सीएचसी के डॉ. ललित ने बताया कि बुजुर्ग के गोली या छर्रा लगा है, इसकी पुष्टि एक्सरे से हो सकेगी।