एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने मंगलवार को बिठूर थाने में सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि विधायक ने परियोजना निदेशक को थप्पड़ मारने पर एक लाख रुपये का इनाम देने का एलान किया था और घर पर हमला करने की धमकी दी।
इसका वीडियो उनके फेसबुक पर भी है। पुलिस ने विधायक पर अपशब्द कहने और धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। विधायक अमिताभ ने बिठूर स्थित अपनी फैक्टरी में धरना प्रदर्शन किया था। जीटी रोड चौड़ीकरण में उनकी फैक्टरी भी जद में आ रही है।
आरोप लगाया कि मुआवजा देने में नियमों का पालन नहीं किया गया। प्रदर्शन के दौरान विधायक ने कहा था कि एनएचएआई के परियोजना निदेशक उनसे रिश्वत की मांग कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा था कि परियोजना निदेशक प्रशांत दुबे को जो भी थप्पड़ मारेगा, उसे एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
यही नहीं आगे बोला था कि अब अगला हमला प्रशांत दुबे के घर पर होगा। बिठूर इंस्पेक्टर शैलेंद्र यादव ने बताया कि प्रशांत दुबे की तहरीर पर विधायक पर केस दर्ज किया गया है। वीडियो आदि वादी ने उपलब्ध कराए हैं। उसके आधार पर जांच की जा रही है।
वहीं, एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने बताया कि मंधना जीटी रोड पर ध्वस्तीकरण का काम इंजीनियर के न आने से रुक गया है। चौड़ीकरण का काम जारी है। इंजीनियर के आने और पुलिस सुरक्षा मिलने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेज कर दी जाएगी।
दमन मंजूर नहीं, लड़ाई जारी रहेगी
बिटूर थाने में दर्ज मुकदमे के मामले में विधायक अमिताभ वाजपेयी का कहना है कि बिना नोटिस और मुआवजा के उनकी फैक्टरी की बाउंड्री तोड़ दी गई और सुनी-सुनाई बात पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया। यह दमनकारी नीति है।
हमने तो अपने लोगों से बात की थी। एनएचएआई के किसी शख्स से तो बात की ही नहीं। पीड़ित भी मैं ही हूं और मुकदमा ही मुझ पर दर्ज किया गया। इस दमन को स्वीकार नहीं करेंगे। बेईमान अधिकारियों से लड़ाई लड़ते रहेंगे।
विधानसभा पहुंचा मामला
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की फैक्टरी व ढाबे को बिना किसी पूर्व सूचना के गिराए जाने का मामला विधानसभा पहुंचा। विशेष सचिव अशोक कुमार ने जिलाधिकारी को चिट्ठी लिखकर मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश जारी किया है। अमिताभ बाजपेई ने बुधवार को विधानसभा सत्र के दौरान अपनी फैक्टरी को बिना पूर्व सूचना के गिराए जाने के मामले को लेकर शिकायत की थी।