रूरा (कानपुर देहात)। रूरा थाना क्षेत्र के सरगांव बुजुर्ग में रविवार देर रात युवक से ठेके पर मौजूद शराब पी रहे तीन लोगों ने अभद्रता कर डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सोमवार को मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन पर हत्या, एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में तीन टीमें लगाई हैं।
सरगांव बुजुर्ग निवासी देवी प्रसाद ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाते हुए बताया कि भाई छोटे कमल (33) को रविवार रात 8:30 बजे देशी शराब ठेका के सेल्समेन दीपक यादव ने उन्हें बुलाया। जब भाई ठेके पर पहुंचे तो वहां पहले से ही मौजूद गांव निवासी कमलेश कुरील, बलजीत व विक्रम पाल शराब पी रहे थे। जबकि ठेके पर सेल्समेन व टुनू दीक्षित मौजूद थे।
इसी दौरान कमलेश, बलजीत व विक्रम भाई से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता करने लगे। भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से उनकी पिटाई की। जिससे मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष रूरा जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि तीन लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें दबिश डाल रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि रविवार की रात सरगांव निवासी दुकानदार छोटे कमल का शव ठेके पास खून से लथपथ पड़ा मिला था। घटना के बाद उधार सामान न देने पर डंडे से वाकर हत्या किए जाने की चर्चा रही थी। सूचना पर एसपी, फॉरेंसिक टीम व थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की थी। हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए एसपी ने तीन टीमों सर्विलांस, एसओजी व थाना पुलिस को लगाया है।