हमीरपुर जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र में कोविड नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए चुनाव प्रचार के दौरान जुलूस निकालने पर सपा प्रत्याशी व पार्टी के पदाधिकारियों समेत सौ से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
चुनावी जुलूस में बिना अनुमति के तमाम वाहन भी एकत्र कर आचार संहिता को भी ठेंगे पर रखा गया। इस कार्रवाई से सपाइयों में हड़कंप मचा हुआ है। सदर सीट से रिटायर्ड एसडीओ फारेस्ट रामप्रकाश प्रजापति सपा के टिकट से पहली बार चुनाव मैदान में हैं।
इन्होंने सुमेरपुर कस्बे में सैकड़ों की भीड़ के साथ चुनावी जुलूस निकालकर चुनाव आयोग के आचार संहिता की न सिर्फ धज्जियां उड़ाई बल्कि कोविड नियमों को भी तार-तार कर दिया। सपा प्रत्याशी के जुलूस में भारी भीड़ के अलावा दर्जनों वाहन भी शामिल थे जिन्हें देख पुलिस दंग रह गई।
सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रत्याशी के समर्थन में बिना बुलाए लोगों की भीड़ उमड़ी थी। पुलिस ने इस मामले में सपा उम्मीदवार रामप्रकाश प्रजापति, जिलाध्यक्ष राजबहादुर पाल, कल्लू यादव व पांच अन्य पदाधिकारियों के अलावा सौ से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।