कानपुर। नई अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 30 जनवरी से शुरू हो रहा है। साप्ताहिक ट्रेन कामाख्या-रोहतक के बीच चलेगी जो गोविंदपुरी स्टेशन होकर गुजरेगी। ट्रेन नंबर- 15671 कामाख्या-रोहतक 30 जनवरी से हर शुक्रवार और ट्रेन संख्या 15672 रोहतक-कामाख्या एक फरवरी से हर रविवार को चलेगी।
उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 15671 कामाख्या से रात 10 बजे रवाना होगी और विभिन्न स्टेशन होते हुए एक दिन बाद सुबह 04:05 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद 04:10 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 02:45 बजे रोहतक पहुंचेगी। इसकी रिवर्स ट्रेन संख्या 15672 रोहतक से रात 10:10 बजे रवाना होकर सुबह 06:25 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी।
पांच मिनट बाद 06:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:35 बजे कामाख्या पहुंचेगी। इस ट्रेन में स्लीपर के सात, सामान्य का एक, एसएलआरडी के दो और भोजनयान का एक सहित कुल 20 कोच हैं।
जोधपुर-गुवाहाटी के लिए वनवे विशेष ट्रेन
कानपुर। यात्री लोड कम करने के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर-04835 जोधपुर-गुवाहाटी वनवे विशेष ट्रेन 22 जनवरी से हर गुरुवार को चलेगी। इसमें एसएलआर के दो, स्लीपर के आठ, सामान्य के चार सहित कुल 14 कोच होंगे। यह ट्रेन जोधपुर से दोपहर 03:30 बजे रवाना होगी और विभिन्न स्टेशन होते हुए अगले दिन शुक्रवार सुबह 07:10 बजे गोविंदपुरी स्टेशन आएगी। यहां से 10 मिनट ठहराव के बाद 07:20 बजे रवाना होकर शनिवार सुबह 06:30 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी।