कानपुर देहात। अकबरपुर नगर पंचायत के चेयरमैन के भाई और भतीजे पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एसडीएम ने तहरीर दी है। दोनों पर कमिश्नर का फर्जी पत्र बनाकर ठेकेदारी के लिए पंजीकरण कराने का आरोप है। इस प्रकरण में चेयरमैन व ईओ की भूमिका की जांच तीन सदस्यीय समिति से कराई जाएगी।
अकबरपुर नगर पंचायत की चेयरमैन ज्योत्सना कटियार के भाई उरसान डेरापुर निवासी सुभाष कटियार की फर्म का रजिस्ट्रेशन अकबरपुर नगर पंचायत में किया गया था। उनकी फर्म ने नगर पंचायत में काम भी कराए हैं।
चेयरमैन के भाई की फर्म के रजिस्ट्रेशन के लिए तत्कालीन कमिश्नर सुभाष चंद्र के हस्ताक्षर बनाकर फर्जी पत्र का इस्तेमाल किया गया। इसकी पुष्टि के बाद बुधवार को एसडीएम अकबरपुर ने चेयरमैन के भाई सुभाष व भतीजे नीरज कटियार पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
कमिश्नर राजशेखर ने फर्म की तरफ से कराए गए कार्य व भुगतान और चेयरमैन व ईओ देवहूति पांडेय की भूमिका की जांच के लिए सीडीओ, वरिष्ठ कोषाधिकारी और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता की टीम गठित कर कराने के निर्देश डीएम को दिए हैं।
कोतवाल अकबरपुर विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि चेयरमैन के भाई व भतीजे पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।