गहोलिया में कारोबारी की हत्या के मामले में क्राइम सीन रीक्रिएट करती विशेषज्ञ टीम। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। रूरा थाना क्षेत्र के गहोलिया गांव में दो माह पहले हुई मौरंग गिट्टी कारोबारी की हत्या का क्राइम सीन मंगलवार को रिक्रिएट किया गया। इसके लिए लखनऊ से तीन सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम आई है। लोगों को स्थिति से छेड़छाड़ न करने की सलाह दी।
गहोलिया गांव के रहने वाले विमल तिवारी उर्फ आसू की गांव के बाहर मौरंग गिट्टी की दुकान है। 16 सितंबर को दुकान के अंदर उसकी हत्या कर दी गई थी। साथ ही शव बेल्ट से टांग दिया गया था। मामले में मृतक के भाई दीपक तिवारी ने गांव के पूर्व प्रधान विजय सिंह समेत छह लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मृतक के भाई का आरोप है कि जमीनी रंजिश में हत्या की गई है। फिलहाल अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। पिछले महीने आईजी ने निरीक्षण किया था। उन्होंने विशेषज्ञों से सीन रिक्रिएट कराने के लिए कहा था।
सीओ ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ को पत्र लिखा था। वहां से मंगलवार को विशेषज्ञ सुरेंद्र मैथानी की नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने सीन रिक्रिएट करके देखा। टीम के लोगों ने जिले की टीम से भी पूछताछ की। यहां की फॉंरेसिंक टीम ने बताया कि घटना के बाद कमरे का दरवाजा बंद कर हंगामा किया गया था। इससे जांच में असुविधा हुई थी। इस दौरान सीओ अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अनिल कुमार व वादी कमरे के अंदर मौजूद रहे।