यूपी के हरदोई जिले में पिहानी कस्बे के एक मोहल्ले में किराये पर रह रही फौजी की पत्नी ने युवक और उसके रिश्तेदार के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और दलित उत्पीड़न की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति फौजी हैं। वह अरुणाचल प्रदेश में तैनात हैं। वह पिहानी कस्बे के एक मोहल्ले में किराये पर रहती है। बताया कि गुरुवार रात कोतवाली शहर हरदोई के ग्राम नानकगंज झाला निवासी अयाज अहमद उर्फ कपिल पुत्र लियाकत हुसैन अपने बहनोई इश्तियाक पुत्र अज्ञात निवासी मोहल्ला मुरीदखानी कोतवाली पिहानी के साथ उसके घर में घुस आया। इश्तियाक तमंचा लिए कमरे के दरवाजे पर खड़ा रहा और अयाज ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच उसके देवर और अन्य लोग मौके पर आ गए। जिस पर आरोपी मौके से भाग निकले। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।