रमजान का चांद बुधवार को नजर आते ही मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। चांद दिखाई देते ही लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद देने लगे। इसके साथ ही हलीम मुस्लिम ग्राउंड में ईशा की नमाज के बाद तरावीह अदा की गई। यहां सातवें रोजे तक तरावीह पढ़ी जाएगी। गुरुवार यानी आज से मुस्लिम समाज के लोगों ने रोजा रखना शुरू किया। इस मौके पर कानपुर नगर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी व विधायक पत्नी नसीम सोलंकी ने एक वीडियो सोशल मीडियो पर पोस्ट करते हुए सभी को रमजान की मुबारकबाद दी है। साथ ही कहा कि सभी की दुआओं से घर में तीन साल बाद खुशियां लौटी हैं, क्योंकि इरफान सोलंकी आगजनी मामले में तीन साल से महाराजगंज जेले में बंद थे। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद इरफान इस साल रमजान पर अपने परिवार के साथ घर पर हैं।