प्रियंका गांधी वाड्रा ने कानपुर में हुई आरिफ और सारस की मुलाकात का वीडियो ट्विटर पर अपलोड करते हुए लिखा कि- एक पक्षी खुले आकाश में रहना पसंद करता है। लेकिन उसकी आजादी छीन ली गई। सरकार की यह कैसी संवेदनहीनता है कि एक सारस को न सिर्फ उसकी रक्षा करने वाले से दूर कर दिया गया बल्कि, उससे उसका खुला आसमान भी छीन लिया गया।
अमेठी के आरिफ का सारस इन दिनों राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। कानपुर के चिड़ियाघर में अपना क्वारंटीन समय पूरा करने के बाद भी सारस अभी पिजड़े में ही कैद है। उसे खुले आकाश में छोड़ा जाएगा या नहीं इस पर कोई फैसला नहीं लिया जा सका है। ऐसे में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, भाजपा सांसद वरुण गांधी के बाद अब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी सारस की आजादी की मांग की है।
विज्ञापन
प्रियंका गांधी ने सारस और आरिफ की चिड़ियाघर में मुलाकात का वीडियो शनिवार दोपहर को ट्वीट करते हुए लिखा है कि- एक पक्षी खुले आकाश में रहना पसंद करता है, लेकिन उसकी आजादी छीन ली गई। सरकार की यह कैसी संवेदनहीनता है कि एक सारस को न सिर्फ उसकी रक्षा करने वाले से दूर कर दिया गया बल्कि, उससे उसका खुला आसमान भी छीन लिया गया। ये सरासर गलत है। उनके इस ट्वीट को कई लोग शेयर और रिट्वीट कर रहे हैं।
आरिफ और सारस की दोस्ती की कहानी
अमेठी के जामो ब्लॉक निवासी आरिफ और सारस की दोस्ती अगस्त 2022 में हुई थी। आरिफ को सारस खेत में जख्मी हालत में मिला था। उसके दाहिने पैर पर चोट लगने से खून निकल रहा था। उसके पैर पर दवा लगाकर पट्टी बांध दी। उसके बाद सारस को खेत पर किनारे लिटा दिया। इसके बाद लगातार उसकी देखरेख करते रहे। सारस आरिफ के घर पर ही रहने लगा। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती मिसाल बन गई।