जिला अस्पताल में एंबुलेंस से मरीज उतारते लोग। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को निजी अस्पतालों के दलाल बरगला कर ले जाते हैं। कई मामले प्रकाश में आने के बाद भी इस पर रोक नहीं लग पा रही है।
रविवार सुबह एक निजी अस्पताल का दलाल जिला अस्पताल में तीमारदार को अच्छे इलाज का झांसा लेकर मरीज को अपने साथ ले गया। सोशल मीडिया पर दिन भर इसका वीडियो वायरल होता रहा।
जिला अस्पताल में निजी चिकित्सालयों के दलालों की सक्रियता कम नहीं हो रही है। एंबुलेंस से मरीज के अस्पताल में आते ही ये दलाल सक्रिय हो जाते हैं। मरीज को उतारने से लेकर उसे भर्ती कराने में मदद करते हैं।
इसके बाद तीमारदार या परिजनों को जिला अस्पताल में सही इलाज न होने और निजी अस्पताल में अच्छे इलाज का झांसा लेकर ये मरीज को अपने साथ ले जाते हैं। रविवार सुबह जिला अस्पताल में एक बार फिर ऐसा नजारा दिखा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में निजी अस्पताल का दलाल जिला अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन से बात करते व मरीज को एंबुलेंस से उतारने में मदद करते हुए दिख रहा है। बाद में यह दलाल मरीज को निजी अस्पताल ले जाता है।
बता दें कि जिला अस्पताल पुरुष के प्रभारी सीएमएस डॉ. आरए मिर्जा ने एसपी को कुछ दिन पहले ही पत्र लिखकर अस्पताल चौकी के पुलिस कर्मियों को सक्रिय करने का अनुरोध किया है। इधर परिसर में चौकी बनी होने के बाद भी दलालों पर रोक नहीं लग पा रही है।
अस्पताल चौकी प्रभारी राजेश सिंह राठौर ने बताया कि वह कुछ समय पहले ही चौकी में तैनात हुए हैं। अभी वह दलालों को पहचानते नहीं है। दलालों को पहचान कर धरपकड़ की जाएगी। दलालों से सांठगांठ रखने वाले जिला अस्पताल के कर्मियों पर भी कार्रवाई होगी।