राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनकी यात्रा के दौरान नियत समय से बहुत पहले ट्रैफिक पर रोक नहीं लगाने और आवश्यकता पड़ने पर उनके काफिले को रोककर भी एंबुलेंस सहित इमरजेंसी वाहनों को निकालने को कहा है।
लखनऊ में शुक्रवार को कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल के हीरक जयंती समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि वे राष्ट्रपति होने के साथ एक संवेदनशील नागरिक भी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा के दौरान यातायात पर नियंत्रण से जनता को जो असुविधा होती है, उसके संबंध में उनके कुछ सुझाव हैं।
कहा कि कार्यक्रम के नियत समय से बहुत पहले ट्रैफिक पर रोक नहीं लगाई जाए। एंबुलेंस एवं इमरजेंसी वाहनों को बिना रुकावट निकलने के लिए कोई समाधान सोचकर उस पर काम करें। मालूम हो कि राष्ट्रपति के जून में कानपुर आगमन के दौरान गोविंदपुरी पुल पर रोके गए ट्रैफिक में 45 मिनट तक जाम में फंसकर महिला कारोबारी की जान चली गई थी।
राष्ट्रपति ने कहा कि कानपुर में महिला कारोबारी की मौत की घटना से मैं अभी दुखी हूं। बता दें कि महिला उद्यमी की मौत के मामले में पुलिस कमिश्नर ने जाकर माफी मांगी थी वहीं राष्ट्रपति की पत्नी ने भी महिला उद्यमी की मौत पर दुख जाहिर किया था।