राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं। मंगलवार को मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर, पुलिस आयुक्त असीम अरुण और जिलाधिकारी विशाख जी. ने अन्य विभागों के अफसरों के साथ मेहरबान सिंह का पुरवा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड वाली जगह का निरीक्षण किया।
यहां आयोजकों से कार्यक्रम का पूरा विवरण लिया और आगंतुकों की संभावित संख्या पूछी। अफसरों ने आयोजकों को बैठक व्यवस्था इस तरह से करने का सुझाव किया, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे। इसके बाद सभी अफसर एचबीटीयू पहुंचे। यहां प्राविधिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात पहले से मौजूद थे। प्रमुख सचिव ने स्थानीय अफसरों से तैयारियों की जानकारी साझा की।
दोनों स्थलों पर करीब दो घंटे तक एक एक बिंदु की समीक्षा की गई। बताया जा रहा है कि अब राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के लिए सीएसए के बजाय एचबीटीयू में ही हेलीपैड बनाया जाएगा। राष्ट्रपति को सर्किट हाउस से एचबीटीयू तक हेलीकॉप्टर से ही ले जाने की तैयारी चल रही है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला अंतिम समय पर ही होगा। राष्ट्रपति 24 और 25 नवंबर को दो दिन के प्रवास पर शहर आ रहे हैं।