कानपुर। नीट की तैयारी कर रहे छात्रों को अब महंगी कोचिंग के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। आईआईटी ने नीट 2025 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए साथी एप का 30 दिन का क्रैश कोर्स लांच किया है। इसमें छात्रों को सीखने के संसाधन और एआई-संचालित आकलन उपकरण के साथ व्यक्तिगत शिक्षा का अनुभव मिलेगा।
क्रैश कोर्स पूरी तरह से निशुल्क है और देश के किसी कोने से छात्र इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आईआईटी और एम्स के विशेषज्ञों की मदद से नीट के छात्रों के लिए रिकार्डेड व्याख्यान तैयार किए गए हैं। प्लेटफॉर्म पर पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र और उनके विस्तृत उत्तर भी उपलब्ध हैं।
कोर्स को छात्र https://satheeneet.iitk.ac.in पर या SATHEE मोबाइल एप के माध्यम से चला सकते हैं। कोर्स में डेली क्विज और एक संपूर्ण मॉक टेस्ट सीरीज भी शामिल है। साथी एप हर छात्र की प्रगति की भी मॉनिटरिंग करता है। इससे छात्रों को फिर से अपनी योजना बनाने में मदद मिलती है।