कानपुर देहात। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार मंगलवार को जिले भर में सादगी और भाईचारे के साथ मनाया गया। ईदगाहों और मस्जिदों में कोरोना गाइड लाइन का पालन कर नमाज अदा की गई। घरों में भी कोरोना संक्रमण से निजात के साथ ही पहले जैसी खुशियां लौटाने की दुआ की गई। ईदगाहों, मस्जिदों और प्रमुख स्थानों पर एसडीएम, सीओ समेत पुलिस तैनात रही।
ईद-उल अजहा का त्योहार बुधवार को जिले भर में अमन चैन के साथ मनाया गया। बंद स्थानों में कुर्बानियां देकर अल्लाह को याद किया गया। नमाज पढ़कर मुल्क को कोरोना महामारी से मुक्त करने की दुआ की गई। लोगों ने एक दूसरे को पकवान खिलाए। अकबरपुर की ईदगाह में शहर काजी उवैश अख्तर रजा ने नौ लोगों को सामाजिक दूरी के साथ नमाज अदा कराई।
यहां एसडीएम राजीवराज, तहसीलदार संजय कुशवाहा, सीओ अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। रसूलाबाद की ईदगाह में 10 लोगों ने नमाज अदा की। कस्बे की बड़ी ईदगाह में पेश इमाम हाजी अब्दुल रऊफ खान बकाई ने दस लोगों को सामाजिक दूरी के साथ नमाज अदा कराई। इस दौरान कोरोना संक्रमण से निजात तथा मुल्क में अमन चैन कायम होने की दुआ की गई।
असालतगंज, तिश्ती, मोहम्मद नगर, बिरहुन, कहिंजरी, भीखदेव, औझान, उसरी, पहाड़ीपुर स्थित मस्जिदों में पांच-पांच लोगों ने नमाज पढ़ी। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शरू हुआ। बच्चों में त्योहार को लेकर उत्साह दिखा।
इस मौके पर एसडीएम अंजू वर्मा, सीओ परशुराम सिंह, निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला के अलावा हाजी फैजान खान, अतहर खां भुट्टो, वसीम अहमद नियाजी, अकील खान, अकील अहमद पट्टा, मुईन खान आदि मस्जिदों व ईदगाहों के पास मौजूद रहे। इसी तरह से गजनेर, हरचंदापुर, रनियां, रायपुर आदि क्षेत्र में लोगों ने कुर्बानी देकर त्योहार मनाया।
जरूरतमंदों को दी सामग्री
संदलपुर। कस्बे की ईदगाह में हाफिज उमर व स्कूल मजिस्द में हाफिज हमजा ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने घरों में कुर्बानी दी। प्रधान समीउद्दीन व समाजसेवी कबीरूलहसन ने 30 गरीब लोगों को सिवइयां, चीनी व मेवा देकर त्योहार की मुबारकबाद दी। (संवाद)
संक्रमण से बचने को दूर से दी मुबारकबाद
डेरापुर। कस्बे की नई जाना मस्जिद में पेश इमाम हाफिज रजा हसन चिश्ती, ईदगाह में मौलाना मुफ्ती अनफाशुल हसन चिस्ती, पुरानी जामा मस्जिद में हाफिज यासीन शाह, मदीना मस्जिद में मौलाना उवैश अंसारी व मदरसा जामिया सिद्दीकिया जामा मस्जिद में हाफिज अशअद ने नमाज अदा कराई। लोगों ने गले मिलने के बजाय दूर से हाथ जोड़कर मुबारकबाद दी। (संवाद)
बोले मौलाना, जरूरतमंदों की करें मदद
राजपुर। कोरोना संक्रमण के चलते ईदगाह में केवल पांच लोगों ने नमाज अदा की। मस्जिदों में भी इमाम समेत पांच लोगों ने ईद-उल अजहा की नमाज अदा की। सिकंदरा कस्बे की ईदगाह में मुफ्ती मुकीम रजा ने, खजूर वाली मस्जिद में हाफिज मुजीब रजा ने चंद लोगों के बीच नमाज अदा कराई। मुफ्ती मुकीम रजा ने कहा कि ईद-उल अजहा कुर्बानी का त्योहार है। ये गरीबों की मदद के लिए प्रेरित करता है।
राजपुर में नूरी जामा मस्जिद में मौलाना अजमत अली बरकाती ने कहा कि भाईचारा बढ़ाने के लिए जरूरतमंदों की मदद करें। इस त्योहार में कुर्बानी करने पर खुदा अनेक रहमतों से नवाजता है। मस्जिदों के बाहर पुलिस बल मौजूद रहा। सिकंदरा के जल्लापुर में बच्चों ने गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी। (संवाद)
एसडीएम ने पुलिस बल के साथ की गश्त
राजपुर। ईद-उल अजहा का त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए बुधवार को अफसर गश्त करते रहे। एसडीएम सिकंदरा रमेश चंद्र यादव व सीओ रविकांत गौड़ ने पुलिस बल के साथ सिकंदरा व राजपुर कस्बे में पैदल गश्त किया। लोगों से शांति के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की। इस मौके पर तहसीलदार लखनलाल राजपूत, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, चौकी इंचार्ज जीतमल, नसीम खां आदि मौजूद रहे। (संवाद)
पुखरायां में भी लोगों ने मांगी दुआ
पुखरायां। कस्बे में बुधवार को बकरीद पर मस्जिदों में पांच-पांच लोगों ने नमाज अदा कर अमन चैन की दुआ मांगी। पुखरायां की नूरानी मस्जिद, जामा मस्जिद, मदनी मस्जिद, मंडी स्थित मस्जिद, अहरौलीशेख, भोगनीपुर, चांदापुर, बील्हापुर, अमरौधा, हरदुआऐमा, अमरौधा, चौरा, मूसानगर फत्तेपुर, अस्तिया, छतेनी, हैदरपुर, मांवर, मोहम्मदपुर, गिरदौं, बरौर, बरवा रसूलपुर, कैलई, केशी समेत गांवों की मस्जिदों में कोविड नियमों के तहत नमाज अदा कराई गई। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे को दूर से ही त्योहार की बधाई दी। (संवाद)