सैफई। वैदपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम केलोखर में मामूली विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी के बाद मारपीट व फायरिंग शुरू हो गई। आठ राउंड फायरिंग होने पूरा गांव गोलियाें से गूंज उठा। इससे ग्रामीण दहशत में आ गए। हालांकि गोली चलने से कोई घायल नहीं हुआ। सीओ, प्रभारी निरीक्षक समेत टीम ने मौके पर पहुंच पड़ताल शुरू कर दी।
रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे केलाखर में गोलियां चलने चली। शिवम यादव ने बताया कि उसका ताऊ का लड़का विवेक और पड़ोसी बिट्टू मकान निर्माण के लिए मजदूरों को लाने के उद्देश्य से ग्राम केलोखर पहुंचे थे। वहां पर पहुंचे ग्राम प्रधान अनिल कुमार के भाई काशिफ और प्रवेंद्र पुने दोनों युवकों पर अचानक तमंचे से 7 से 8 राउंड फायरिंग कर दी। हमले में दोनों युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे।
पीड़ित पक्ष ने डायल 112 नंबर पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। वैदपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। इन्हें कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार शाम को विवेक और बिट्टू की ग्राम प्रधान अनिल कुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के चलते अगले ही दिन फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ रामदवन मौर्य ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई।