कानपुर देहात/डेरापुर। तेज हवा के साथ हुई बारिश से गुरुवार देर रात जैनपुर व सट्टी उपकेंद्र से जुड़े 65 गांवों की बिजली गुल हो गई। शुक्रवार को 18 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। वहीं जटियापुर से आने वाली लाइन में फाल्ट हो गया। इससे डेरापुर बिजलीघर से जुड़ा कस्बा व करीब 130 गांवों की बिजली आपूर्ति 11 घंटे बाधित रही। इससे लोगों को पेयजल समस्या से भी जूझना पड़ा।
गुरुवार देर रात करीब 9 बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। 11 केवी लाइनों में कई जगह फाल्ट से जैनपुर व सट्टी उपकेंद्र ब्रेक डाउन हो गए। रात में पेट्रोलिंग नहीं कराई गई इसकी वजह से फाल्ट दुरुस्त नहीं हुए। पूरी रात जैनपुर उपकेंद्र से जुड़े भाल, पिचौरा, गुबार, खलासपुुर, गनेशपुर, कमलपुर, नबीपुर, किशनपुर, खरका, जरी, डडी, अफसरिया, जल्लापुर, सट्टी, कथरी, नौबादपुर, शेखपुर समेत 65 गांवों में करीब हजार घरों की बिजली गुल रही।
शुक्रवार सुबह बिजली गुल होने से पेयजल की किल्लत का भी सामना करना पड़ा। विद्युत कर्मियों की पेट्रोलिंग में कई जगह इंसुलेटर पंचर मिले जबकि कुछ स्थानों पर तार टूट गए थे। फाल्ट दुरुस्त करने का काम दोपहर तक चला। दोपहर बाद 3 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
संदीप यादव, अनिल सिंह, विनोद कुमार आदि ने बताया कि रात में बिजली कर्मी फाल्ट ठीक करने नहीं आए। इसकी वजह से पूरी रात परेशान होना पड़ा। एसडीओ सिकंदरा अमितेश कुमार ने बताया कि गुरुवार रात तेज हवा के साथ बारिश में लाइनों में फाल्ट हो गया था। शुुक्रवार को फाल्ट ठीक कराए गए। दोपहर बाद सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।
उधर बारिश के चलते दिबियापुर से जटियापुर आने वाली लाइन में फाल्ट हो गया। जिससे डेरापुर बिजली घर से जुड़े कस्बा व अगवासी, भड़ावल, कुढ़ावल, फत्तेपुर, परौंख, नुनारी, बलाई, गुरियापुर, रतनियापुर, गलुवापुर, बिसोहा, नुनारी, बलाई, जिगिनश सहित 130 गांवों की बिजली आपूर्ति गुरुवार रात 12 बजे बाधित हो गई। भोर तक आपूर्ति बाधित होने से लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ा।
कस्बे के कबीरनगर वार्ड निवासी अजय शर्मा कृष्णनगर के राजू तिवारी, गांधीनगर के रईश सिद्दीकी, नरायन नगर के मुबीन अहमद, प्रतापनगर के चांद बाबू आदि ने बताया कि कस्बे के अधिकांश हैंडपंप खराब हैं। जो चल रहे वह भी बहुत कम पानी दे रहे हैं। बिजली न आने से मोटर नहीं चल पाई और घरों की सबमर्सिबल व सप्लाई का पानी भी नहीं आया।
वहीं मोबाइल चार्ज न होने से दिक्कत और बढ़ गई। मरम्मत के बाद शुक्रवार सुबह 11 बजे आपूर्ति दोबारा बहाल हो सकी। जेई हरिप्रकाश ने बताया कि दिबियापुर से जटियापुर आने वाली लाइन में फाल्ट से बिजली आपूर्ति बाधित रही। मरम्मत कराकर आपूर्ति दोबारा बहाल करा दी गई है।
दो बार फुंकने के बाद रखवाया अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर
रसूलाबाद। झाऊलाल रोड पर रखे 25 केवी का ट्रांसफार्मर दो बार फुंकने के बाद अधिकारियों को उसकी क्षमता बढ़ाने की सुध आई। यहां पर अब 63 केवी का ट्रांसफार्मर रखा गया है। कस्बे में झाऊलाल रोड पर 25 केवी का ट्रांसफार्मर रखा था।
कुछ ही समय में ट्रांसफार्मर दो बार फुंक गया। इससे चार दिन से डेढ़ सौ घरों की बिजली गुल थी। अब यहां 63 केवी का ट्रांसफार्मर रखा गया है। एक्सईएन अभिषेक सिंह ने बताया कि निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए शुक्रवार को अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाया गया है। (संवाद)