कानपुर। राजकीय पॉलिटेक्निक में एक बार फिर गोरखपुर और बलिया गुट के छात्रों में संघर्ष हो गया। लाठी-डंडों और सरिया से मारपीट करने के साथ ही दोनों पक्षों में जमकर पथराव और फायरिंग हुई। इस दौरान संस्थान परिसर में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने खुद वादी बनकर दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
पॉलिटेक्निक में बलिया और गोरखपुर गुट के बीच मंगलवार रात को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के छात्र संस्थान परिसर से मारपीट करते हुए जीटी रोड पर पहुंच गए।
चौकीदार की सूचना पर नवाबगंज पुलिस फोर्स पहुंची। इस दौरान छात्र एक दूसरे पर पथराव और मारपीट करने के साथ ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे थे, जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहन ठहर गए और पुलिस भी फायरिंग देख पीछे हट गई। फिर कई थानों का फोर्स बुलाया गया तो छात्र वहां से भाग खड़े हुए।
एचबीटीआई चौकी इंचार्ज शंकर त्रिपाठी ने खुद वादी बनकर बलिया गुट के कुमार सीमांत, जावेद, शुभम, हेमंत, बाहूबली, चंदन, अभिषेक, दीपक, रजत और गोरखपुर गुट के छात्रों मनीष, बाबूलाल, अविनाश, धनंजय,
लालराज, इंद्रजीत, कुंदन, मुन्ना यादव, हरेंद्र चौहान और अभिषेक मिश्रा पर बलवा, सरकारी संपति की हानि, संगठित होकर घातक हथियारों से हमला करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।