कानपुर देहात में मारपीट के मामले में कार्रवाई न करने से परेशान युवक ने एसपी से फोन पर राजपुर एसओ की शिकायत कर दी। इससे खफा एसओ ने युवक को पकड़ कर बुरी तरह से पीटा। साथ ही गाली गलौज कर जिंदगी तबाह करने की धमकी दी।
इसका ऑडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसके बाद शिकायतकर्ता की ही शांतिभंग में चालान कर दिया। मामले में एसपी ने सीओ सिकंदरा को जांच सौंपी है। दमनपुर गांव के शैलेश कुमार ने बताया कि पांच अक्तूबर को वह गांव के देशी शराब ठेके के पास सब्जी लेने गया था।
वहां शराब के नशे में गांव के ही जय प्रकाश व कमल ने मारपीट की। इससे सोने की चेन टूट कर कहीं गिर गई। इसकी शिकायत राजपुर एसओ से की। उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर पीड़ित ने छह अक्तूबर को फोन पर एसपी से शिकायत की।
इससे खफा एसओ ने फोन करके शैलेश को थाने बुलाया। गुरुवार को वह थाने पहुंचा तो वहां उसे देखते ही गाली गलौज करने लगे। एसओ का बदला रुख देख उसने फोन की रिकार्डिंग चालू कर दी।
एसओ ने युवक को बेइज्ज्त करने के साथ जिंदगी तबाह करने की धमकी दी। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक ने बताया कि एसओ ने पटे से उसकी बुरी तरह से पिटाई की है। एसओ की बर्बरता से युवक सहम गया।
पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान भी कर दिया। शुक्रवार को पीड़ित ने एसपी से मामले की शिकायत की है। एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की जांच सीओ सिकंदरा को सौंपी गई है।
जनता से मधुर व्यवहार नहीं करते एसओ
दफ्तर आने वाले फरियादियों को एसपी अपना मोबाइल नंबर खुद देते हैं। ताकि शिकायत का निस्तारण न होने पर वह फोन करके बता सके। वह फरियादियों से कहते भी हैं कि दोबारा आने की परेशानी मत उठाइए फोन पर बताने पर ही पूरी कार्रवाई होगी।
राजपुर एसओ ने एसपी की इस कार्यशैली से अलग हटकर एक युवक को सिर्फ इसी बात पर बुरी तरह से पीटा कि उसने एसपी को फोन करके कार्रवाई न होने की शिकायत कर दी। एसओ की कार्यशैली से थाने के पुलिस कर्मी भी खफा रहते हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि एसओ हर किसी पर वर्दी का रौब झाड़ते हैं। उनका जनता के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है।