कानपुर के एचबीटीयू में रैगिंग की घटना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस कमिश्नर ने सोमवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। सभी संस्थानों के सीनियर छात्रों से अपील की है कि संस्थान में दाखिला लेने वाले जूनियर छात्रों से भाइयों की तरह व्यवहार करें।
विज्ञापन
उनका स्वागत रैगिंग से नहीं बल्कि स्वैग (उत्साहपूर्ण अंदाज) से करें। एचबीटीयू में शनिवार को सीनियर छात्र-छात्राओं ने जूनियरों के साथ रैगिंग की थी। पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में रैगिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध है।
यह दंडनीय अपराध है। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ संस्थान तो कार्रवाई करेगा ही, पुलिस भी कानूनी कार्रवाई कर सकती है। उन्होंने सीनियर छात्रों से अपील की कि कोरोना महामारी के कारण हर छात्र ऑफलाइन क्लास को मिस कर रहा था। अब जब सब कॉलेज आने को लेकर उत्साहित हैं तो जूनियरों का स्वागत करें। भाईचारा बनाए रखें।