कानपुर देहात के डेरापुर में सेंगुर नदी के पास साइकिल से महिला का शव ले जा रहे युवक को पुलिस ने पकड़ा है। पूछताछ में उसने महिला को अपनी पत्नी बताया, साथ ही रास्ते में साइकिल से गिरकर मौत होने की जानकारी दी। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
बिजहरा डेरापुर निवासी लवकेश काफी समय से बर्रा कानपुर में रहता है। सोमवार सुबह वह ट्रेन से रूरा पहुंचा। यहां से वह पत्नी अंजू (25) को लेकर ननिहाल नन्थू जा रहा था। ट्रेन से उतरने के बाद नन्थू जाने के लिए उसने पिता से साइकिल मंगवाई।
जगदीशपुर गांव के पास उसे संदिग्ध हालात में जाता देख स्थानीय निवासी जय सिंह ने उसे रोक कर पूछताछ की तो लवकेश ने बताया कि पत्नी रास्ते में गिर गई है। इससे उसे चोट आ गई है। जय सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार जायसवाल ने सेंगुर नदी पुल के पास उसे पकड़ लिया।
युवक ने पुलिस से बताया कि रास्ते में पत्नी के पेट में दर्द होने लगा। उसे अस्पताल ले जा रहे थे इस बीच बारिश होने लगी। इससे फिसल कर वह सड़क पर गिर गया। पत्नी को चोट लग गई। पुलिस ने महिला को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर अशोक कुमार ने मृत घोषित कर दिया।