जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है, कानपुर में प्रदूषण की मात्रा में भी इजाफा हो रहा है। शहरी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों के अंतराल में प्रदूषण की मात्रा में चार गुना की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। रविवार को सर्वाधिक एक्यूआई 344 रहा, जबकि तीन दिन पहले यह 84 था।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मौसम विभाग के अनुसार हवा में नमी बढ़ने के साथ ही वातावरण में फैले धूल के कण एक जगह पर जमा हो जाते हैं, जिससे प्रदूषण की मात्रा में इजाफा होने लगता है। ठंड बढ़ने के साथ यह और तेजी से बढ़ेगा। आम तौर पर सामान्य प्रदूषण की स्थिति 50 एक्यूआई तक होती है, जिसमें एक स्वस्थ व्यक्ति को दिक्कत नहीं आती है। जैसे-जैसे प्रदूषण बढ़ता है, लोगों को सांस की परेशानी बढ़ने लगती है।
फिर घटा तापमान
पहाड़ों पर बर्फबारी, उत्तर पश्चिमी हवाएं लगातार ठंडक बढ़ा रही हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 13.8 और अधिकतम 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम, अधिकतम में एक-एक डिग्री की कमी आई। हवा में नमी की मात्रा 84 प्रतिशत रिकार्ड की गई।
इस तरह रहा शहर में एक्यूआई
नेहरू नगर- 344
किदवई नगर-165
कल्याणपुर एनएसआई क्षेत्र-142
आईआईटी क्षेत्र--204