प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 दिसंबर को मेट्रो ट्रेन में नॉन स्टॉप सफर करने के बाद निराला नगर स्थित सभास्थल से इसे ऑनलाइन हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी के बाद स्कूली बच्चे मेट्रो ट्रेन में आईआईटी से मोतीझील स्टेशन तक सफर करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री आईआईटी के दीक्षांत समारोह से दोपहर 12:05 से 12:10 बजे के बीच आईआईटी मेट्रो स्टेशन में पहुंचेंगे। यहां मेट्रो स्टेशन की पहली मंजिल पर प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें 11 फोटोयुक्त पैनल हैं, जिनके माध्यम से यहां मेट्रो के शिलान्यास से लेकर अब तक का सफर प्रदर्शित किया गया है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के एमडी कुमार केशव प्रधानमंत्री को यह प्रदर्शनी दिखाएंगे। यहां वह 20 मिनट रहेंगे। स्टेशन का निरीक्षण करते हुए पीएम दूसरी मंजिल पर स्थित प्लेटफार्म पर पहुंचेंगे। वहां से पहले यात्री के रूप में मेट्रो में बैठेंगे।
साथ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहेंगे। अन्य मंत्रियों और कुछ अधिकारियों के भी ट्रेन में उनके साथ यात्रा करने की संभावना है। आईआईटी स्टेशन से रवाना होकर यह नॉन स्टॉप मेट्रो ट्रेन कल्याणपुर, एसपीएम, विश्वविद्यालय, गुुरुदेव स्टेशन को पार करते हुुए सीधे गीता नगर मेट्रो स्टेशन में रुकेगी।