कानपुर की नौबस्ता पुलिस ने इलाज के दौरान प्लंबर की मौत के मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर क्लीनिक के दोनों डॉक्टरों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। राजीव विहार निवासी प्लंबर मोहम्मद जानिब पेट में दर्द की शिकायत होने पर रविवार को मोहल्ले में संचालित एक क्लीनिक में दवा लेने गए थे।
जहां खुद को डॉक्टर बताने वाले रिजवान अहमद और इश्तियाक अहमद ने उन्हें इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी थी। आरोप है कि इंजेक्शन लगाते ही जानिब की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें आनन फानन में कॉर्डियोलॉजी ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हेें मृत घोषित कर दिया था।
मामले की जानकारी पर सोमवार को एसीएमओ डॉ. सुबोध प्रकाश टीम के साथ पहुंचे और क्लीनिक में ताला मिलने पर नोटिस चस्पा कर गए थे। परिजनों का आरोप है कि देर रात एक युवक ई-रिक्शे से आया और रिजवान के घर से दवाओं से भरे कई कार्टून लेकर जाने लगा था। उसे रोककर पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस उसे थाने ले गई। इसके बाद मृतक की पत्नी शहाजहां ने थाने में दोनों कथित डॉक्टरों के खिलाफ गैर इरादतन की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।