कानपुर। भारतीय वॉलीबॉल संघ की ओर से राजस्थान में 16 से 21 दिसंबर तक 49वीं राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप होगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश टीम का ट्रायल बुधवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में हुआ। बालक और बालिका वर्ग में प्रदेशभर से करीब 350 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कई चरणों में हुए मूल्यांकन के दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संदीप कुमार, अजय राय, कृष्ण प्रताप सिंह, एनआईएस कोच पूजा यादव, सुरभित सिंह सेंगर और खेल निदेशालय के संदीप गुप्ता ने कौशल क्षमता परखी।
उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि टीम में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा। दोनों वर्ग की टीम की घोषणा गुरुवार को होगी। चयनित खिलाड़ी 14 दिसंबर को राजस्थान के लिए रवाना होंगे।