हरदोई जिले के लोनार कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर बच्चों के साथ जा रहे बाइक सवार दंपति को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गदाईपुर निवासी संदीप (45) राजमिस्त्री है।
उसका छोटा भाई वेदपाल उसके साथ मजदूरी करता है। वेदपाल ने फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सथरा में मकान बनाने के लिए जमीन ली थी। यहां मकान का निर्माण करने के लिए संदीप बाइक से पत्नी सागरवती (40) और दो पुत्रियों अनुष्का (4) व नेहा (5) के साथ शनिवार दोपहर साढ़ेे तीन बजे घर से निकला था।
दूसरी बाइक पर वेदपाल आगे चल रहा था। हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर लोनार कोतवाली क्षेत्र में महरेपुर के निकट पिकअप ने संदीप की बाइक में टक्कर मारदी। हादसे में संदीप, सागरवती, अनुष्का और नेहा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वेदपाल ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस से चारों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अनुष्का को मृत घोषित कर दिया। संदीप, सागरवती और नेहा की हालत गंभीर बता लखनऊ रेफर कर दिया गया। लोनार कोतवाल एसके सोनकर ने बताया कि पिकअप को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।