एसडीएम दीपक वर्मा ने शीतकालीन भ्रमण, ग्रामीण चौपालों व रात्रि प्रवास कार्यक्रम जारी कर दिया है। बताया कि तहसील के एक दर्जन गांवों में शीतकालीन भ्रमण कर चौपाल लगाई जाएंगी। चौपाल में पुलिस व राजस्व समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
गांव में रात को अधिकारी राजस्व अभिलेखों के रखरखाव, ग्राम सभा संपत्तियों के रखरखाव, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की स्थिति, भू अभिलेखों का सत्यापन, मृतक खातेदारों की वरासत का सत्यापन, खतौनी में दर्ज असंक्रमणीय भूमिधर पट्टेदारों का कब्जा सत्यापन, ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जों, गांव में हुए विकास कार्य का सत्यापन, गोल्डन कार्ड का सत्यापन, पंचायती राज, कृषि व सिंचाई आदि विभागों के कार्यों की समीक्षा करेंगे।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करेंगे। एसडीएम ने बताया कि इसी क्रम में 21 दिसंबर को ज्यूरी चंद्रमपुर में, 23 दिसंबर को सेमरझाला, 24 दिसंबर को रायपुर, 26 को रानीखेड़ा, दो जनवरी को घोड़ीथर, चार जनवरी को नयागांव, छह जनवरी को लमकन, सात जनवरी को सतौथा, नौ जनवरी को फरिगहना, 10 जनवरी को कनकापुर उबारिया व 14 जनवरी को महरेपुर में चौपाल का आयोजन किया जाएगा।