अकबरपुर क्रेंद्र पर बंद धान खरीद व ढ़के गए धान भरे बोरा। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। क्रय केंद्रों पर मंगलवार को बारिश होने की वजह से धान की खरीद नहीं हो सकी। टिन शेड के नीचे जगह न होने से खुले में रखे धान के बोरे पॉलिथीन से ढके गए हैं।
अकबरपुर क्रय केंद्र पर शेड फुल होने से खुले में धान की तौल की जा रही थी। मंगलवार को बारिश की वजह से डस्टर फैन बंद रहे। तौल भी नहीं की गई। ऐसे में पांच किसान लौट गए। रनियां क्रय केंद्र पर भी धान की खरीद नहीं हो सकी। झींझक के मंडी परिसर स्थित क्रय केंद्र पर बूंदाबांदी होने से धान की तौल बंद रही। वहीं, खुले में जमा धान भीगने से बचाने के लिए पॉलिथीन से ढका गया है। हालांकि मौसम अधिक खराब होने पर किसानों को धान भीगने का खतरा सता रहा है।
केंद्र प्रभारी अमित तिवारी ने बताया कि धान ढक कर रखने को कहा गया है।
इधर, रसूलाबाद में मंगलवार को बारिश नहीं हुई। मौसम जरूर खराब रहा। क्रय केंद्र पर तीन किसानों से धान की खरीद की गई। केंद्र प्रभारी आकाश वर्मा ने बताया कि धान की खरीद की गई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुछ क्रय केंद्रों पर धान की खरीद की गई है। मौसम खराब होने की वजह से धान की तौल प्रभावित हुई है। अकबरपुर क्रय केंद्र पर खुले में रखा खरीदा गया धान मिलर्स को भेज दिया गया है। अब शेड में रखा धान भी जल्द उठान कराने के निर्देश केंद्र प्रभारी लवदीप सोनी को दिए हैं।