असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) शहर की आर्यनगर और सीसामऊ विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशी तलाश रही है। छावनी विधानसभा पर पार्टी का विशेष फोकस है।
खास बात यह है कि इन सीटों से कांग्रेस और सपा के विधायक हैं। इस संबंध में मंगलवार को शहर आए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मंथन किया। बैठक में तय किया गया है कि सबसे पहले पार्टी छावनी विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी उतारेगी।
अभी तक जो नाम इस सीट के लिए पार्टी ने तय किया है, उसमें माफिया अतीक अहमद या उसकी पत्नी शामिल है। कहा जा रहा है कि यदि अतीक या उसकी पत्नी ने प्रयागराज की सीट को चुना तो यहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को ही मैदान में उतारा जा सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली आजमगढ़ के रहने वाले हैं। वह राष्ट्रीय उलमा काउंसिल से एक बार चुनाव भी लड़ चुके हैं। वर्ष-1994 में वह ओवैसी के साथ आ गए। इसके अलावा सीसामऊ सीट से पार्टी के टिकट पर अभी तक एक व्यक्ति ने दावेदारी की है, जबकि आर्यनगर से पांच आवेदन आ चुके हैं।
बताया जा रहा है कि दिसंबर तक एक बार फिर से ओवैसी कानपुर आ सकते हैं। तब तक उनकी पार्टी का दूसरे दलों से गठबंधन भी हो जाएगा। महानगर की बाकी सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक न होने से पार्टी ने सिर्फ इन्हीं तीन पर फोकस किया है।