कानपुर। यूनाइटेड चैंपियंस लीग के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में रविवार को ऑरेंज आर्मी ने माइटी मावेरिक्स को 40 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही ऑरेंज आर्मी ने फाइनल में प्रवेश किया।
कमला क्लब मैदान पर खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑरेंज आर्मी के सलामी बल्लेबाज आदित्य एस ने 80 रन की तेजतर्रार पारी व अमित करमचंदानी के 34 रन की मदद से 30 ओवर में 226 रन बनाए। माइटी मावेरिक्स की ओर से देवेश तिवारी ने तीन विकेट अपने नाम किए। 227 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी माइटी मावेरिक्स के देवेश तिवारी ने 58 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके और पूरी टीम 30 ओवर में छह विकेट पर 186 रन ही बना सकी। ऑरेंज आर्मी की ओर से देवेंद्र सिंह और मनिंदर सिंह ने दो-दो विकेट झटके।